घने कोहरे के कारण चार विमान लखनऊ डायवर्ट, वाराणसी और काठमांडू जाने वाली उड़ानों पर पड़ा असर
लखनऊ। मौसम में बदलाव और घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह हवाई यातायात प्रभावित हुआ। वाराणसी और नेपाल की राजधानी काठमांडू में खराब मौसम तथा कम दृश्यता के चलते चार विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें वाराणसी जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें और काठमांडू जाने वाली हिमालय एयरलाइंस तथा फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल हैं। अचानक विमान का मार्ग बदलने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6558 सोमवार सुबह 7:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की दूसरी उड़ान संख्या 6ई-6246 ने सुबह 7:05 बजे लखनऊ में लैंडिंग की। दोनों विमानों को वाराणसी में कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण अपने निर्धारित गंतव्य पर उतरने में परेशानी हुई।
इसी तरह चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान संख्या एच-9226 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। इसके अलावा दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड-8399 ने सुबह 8:18 बजे लखनऊ में लैंडिंग की।
तकनीकी खराबी नहीं, मौसम बना वजह
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, चारों विमानों को डायवर्ट करने का फैसला पूरी तरह मौसम की स्थिति और कम दृश्यता को देखते हुए लिया गया। किसी भी विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही किसी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न हुई। विमानन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी और काठमांडू में मौसम सामान्य होने तथा दृश्यता में सुधार आने के बाद विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। मौसम की खराब स्थिति के कारण हवाई यात्रियों को अपनी यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव और अतिरिक्त इंतजार का सामना करना पड़ा।