सीएम योगी पर टिप्पणी को लेकर विवाद, नेहा बोरा के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली पहुंची योगी सेना

 नेहा बोरा के खिलाफ एफआईआर की मांग, योगी सेना ने पुलिस को दी तहरीर
 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग को लेकर योगी सेना भारत ने एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दी है। संगठन के उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र में मोहित मिश्रा ने आरोप लगाया है कि नेहा बोरा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से संत समाज और सनातन समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

योगी सेना भारत ने पुलिस से शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मोहित मिश्रा ने नेहा बोरा की कथित टिप्पणियों की निंदा करते हुए जेएनयू से उनके निष्कासन की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग उचित नहीं है।

शिकायत देने के दौरान एडवोकेट एवं विधिक सलाहकार प्रमोद मिश्रा, रोहित शिवभक्त, विशाल तिवारी, लवकुश गोस्वामी, बाबू कश्यप, शांतनु ठाकुर, शुभ शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।