आपदा प्रबंधन में नागरिक सुरक्षा की भूमिका होगी और मजबूत, स्वयंसेवकों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण : मुख्यमंत्री योगी

 यूपी में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, स्वयंसेवकों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
 

सीएम योगी का बड़ा निर्देश, हर जिले में मजबूत हो नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तंत्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को नागरिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में नागरिक सुरक्षा की भूमिका केवल युद्धकालीन परिस्थितियों तक सीमित नहीं रह गई है। आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में भी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव, अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा, खोज एवं बचाव तथा आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में विभाग की क्षमताओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन गतिविधियों से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों को भी सिविल डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। साथ ही उन्हें सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) और फर्स्ट एड का प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने नागरिक सुरक्षा की महायोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने तथा आवश्यकता के अनुरूप स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त स्वयंसेवकों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, जिससे राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक प्रभावी बन सके।