CJP प्रदर्शन पर अखिलेश का हमला, बोले- आंदोलनकारियों से संवाद करे सरकार
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए तथा सरकार को बल प्रयोग के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों पर आंसू गैस, लाठीचार्ज और पत्थरबाजी जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए। उनके अनुसार लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन करने वालों की बात सुनी जानी चाहिए, न कि उन्हें बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
सपा प्रमुख ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि महात्मा गांधी ने शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से दुनिया को नई दिशा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उनका कहना था कि यदि लोग अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं तो सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए।
इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री को लंबे समय तक एक ही विभाग या पद पर नहीं रखना चाहिए। उनके अनुसार लंबे समय तक एक ही स्थान पर रहने से तंत्र में भ्रष्टाचार और पक्षपात की संभावना बढ़ जाती है।
अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने सरकार को राजनीतिक नसीहत देते हुए कहा कि आंदोलनकारियों को हटाने की कोशिश करने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा, "सरकार को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कहीं ऐसा न हो कि आंदोलनकारियों की नहीं, बल्कि सरकार की ही सम्मानजनक विदाई हो जाए।"