उत्तर प्रदेश में 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां

 वाराणसी जोन को मिले नए एडीजी, प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे पीयूष मोर्डिया
 
 यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, वाराणसी जोन के नए एडीजी बने नवीन अरोड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के रूप में नवीन अरोड़ा की नियुक्ति की गई है, जबकि पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

जारी तबादला सूची के अनुसार, गोरखपुर जोन के एडीजी रहे मुथा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। उनकी जगह राम कुमार को गोरखपुर जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।

अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को एडीजी तकनीकी सेवाएं तथा डॉ. संजीव गुप्ता को एडीजी पुलिस मुख्यालय के साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

तबादलों के क्रम में तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। धर्मवीर को आईजी पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज, मोहित गुप्ता को आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन तथा विनोद कुमार सिंह को आईजी विशेष जांच, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा जोगेंद्र कुमार को आईजी पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस), मुरादाबाद, आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को सचिव (गृह), अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) तथा आनंद कुमार को पुलिस अधीक्षक लोक शिकायत, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ नियुक्त किया गया है।

प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने तथा विभिन्न इकाइयों के संचालन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।