युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी पर आरोप के बाद मौके पर बवाल
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहिया में रविवार (05 जुलाई 2026) को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, पंकज निषाद (पुत्र ब्रह्मदेव निषाद) निवासी ककरहिया ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर मौजूद परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक ने यह कदम अपनी पत्नी प्रतिमा के कारण उठाया है।
घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिजन मृतक की पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और सरकारी वाहन से थाने भेजने की व्यवस्था की।
इसी दौरान मृतक के परिवार के ही किसी सदस्य द्वारा पुलिस की सरकारी जीप पर ईंट फेंकी गई, जिससे दो कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी को सुरक्षित थाना पिपराइच पहुंचाया है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।