महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित मंच! 'बहू-बेटी सम्मेलन' से गोरखपुर में सशक्तिकरण की नई पहल
गोरखपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोरखपुर के सदर तहसील सभागार में मंगलवार को ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के तहत एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यशाला में महिलाओं को उनके अधिकारों, घरेलू हिंसा से सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल नोडल अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों के प्रभावी उपयोग और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का उद्देश्य नवविवाहित महिलाओं और 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याएं साझा कर सकें तथा संबंधित विभागों से समाधान प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और महिलाओं को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इसे प्रदेशभर में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।