जलभराव किसी हाल में बर्दाश्त नहीं, सभी विभाग समय रहते करें तैयारी : मुख्यमंत्री योगी

 विकास कार्यों, बाढ़ बचाव एवं जलनिकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
 
 विकास कार्यों, बाढ़ बचाव एवं जलनिकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एनेक्सी भवन में विकास कार्यों, बाढ़ बचाव तथा जलनिकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर में जलभराव की स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने नालों एवं नालियों की नियमित सफाई, जलनिकासी पंपों के सुचारु संचालन तथा जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, नियमित फागिंग एवं एंटी-लार्वा अभियान चलाने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही निराश्रित गोवंश एवं डॉग शेल्टर की समुचित व्यवस्था करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तटबंधों की लगातार निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता तथा राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।