5 हजार की कथित सेटिंग का वीडियो वायरल, गीडा थाने के सिपाही पर गिरी गाज
सहजनवां, गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र में रुपये के कथित लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने गीडा थाने में तैनात सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर पांच हजार रुपये के लेनदेन और किसी मामले को मैनेज करने से संबंधित बातचीत सामने आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद एसएसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी के आदेश पर सिपाही को निलंबित करने के साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों और सामने आए कथित लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
गीडा थाना क्षेत्राधिकारी आभा सिंह ने बताया कि संबंधित कारखास सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अधिकारियों की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई को थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।