वैभव हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, सहजनवा में वर्मा समाज और व्यापारियों का कैंडिल मार्च
गोरखपुर, सहजनवा। खजनी कस्बे के सर्राफा व्यवसायी के 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा के अपहरण के बाद हुई नृशंस हत्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध और दिवंगत मासूम को श्रद्धांजलि देने के लिए रविवार को सहजनवा में वर्मा समाज, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने संयुक्त रूप से कैंडिल मार्च निकाला।
कैंडिल मार्च में बड़ी संख्या में लोग हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से संबंधित तख्तियां लेकर शामिल हुए। मार्च के दौरान ‘वैभव को न्याय दो’ और ‘दोषियों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाए गए। लोगों ने कहा कि मासूम वैभव के साथ हुई घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य वारदात को लेकर लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मासूम की हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। मामले की त्वरित जांच पूरी कर दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कैंडिल मार्च के समापन पर लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वैभव वर्मा को श्रद्धांजलि दी और उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की गई।
कैंडिल मार्च में अनिल वर्मा, राजकुमार वर्मा, ध्रुव कुमार, संजीव वर्मा समेत वर्मा समाज के लोगों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, व्यापारियों और नगर के कई गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।