UP IAS Transfer 2026: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 IAS अफसरों के तबादले, 4 मंडलों के कमिश्नर बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी तबादला सूची में प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती और बरेली मंडल के कमिश्नरों समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। शासन ने दोपहर करीब 3:15 बजे ट्रांसफर सूची जारी की।
प्रयागराज को मिला नया मंडलायुक्त
प्रयागराज की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल को स्थानांतरित कर श्रम आयुक्त, उत्तर प्रदेश बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. लोकेश एम को प्रयागराज का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
सौम्या अग्रवाल प्रयागराज की पहली महिला मंडलायुक्त थीं। इसी वर्ष जनवरी में आयोजित माघ मेले के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद के बाद वह सुर्खियों में आई थीं।
चार मंडलों के कमिश्नर बदले
योगी सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती और बरेली मंडल के कमिश्नरों में बदलाव किया गया है। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हाल ही में IPS अधिकारियों के भी हुए थे तबादले
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार ने आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी किए थे। इसी क्रम में आईजी मोहित गुप्ता का भी तबादला कर उन्हें एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन में नई जिम्मेदारी दी गई थी।
सरकार का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।