सहजनवा में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, स्कूली वाहनों की भी जांच
सहजनवा में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की जानकारी दी। स्कूली वाहनों, ई-रिक्शा और रिक्शा के दस्तावेज व सुरक्षा मानकों की जांच हुई।
सहजनवा में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, स्कूली वाहनों की भी जांच
सहजनवा,गोरखपुर। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत सहजनवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने आरडी पब्लिक स्कूल, जोनिह्या पहुंचकर छात्राओं और बच्चियों को महिला संबंधी अपराधों, उनसे बचाव के उपाय तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं को महिला शक्ति हेल्पलाइन 1090, बाल हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना डर के संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
टीम ने छात्राओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और महिला सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक स्थिति की जानकारी तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को देने की अपील की।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गई। पुलिस टीम ने स्कूल-कॉलेज के बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों, ई-रिक्शा और स्कूल रिक्शा का सत्यापन किया। जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक अभिलेखों के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की जांच की गई।
पुलिस टीम ने वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का भी निरीक्षण किया। वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने चालकों को निर्धारित वर्दी पहनने तथा वाहनों पर महिला शक्ति 1090, बाल हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 समेत आवश्यक हेल्पलाइन नंबर अंकित कराने के लिए भी निर्देशित किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही स्कूली वाहनों की नियमित जांच का उद्देश्य बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाना और नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक धीरेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल वर्षा राय, साधना और संध्या वर्मा सहित मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम के सदस्य मौजूद रहे।