व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण: डीएम

 

गोरखपुर। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में व्यापार बंधुओं के साथ बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने शहर और विभिन्न बाजारों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिन मामलों का निस्तारण विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें और वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें।

आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए बैठक में विसर्जन मार्गों की व्यवस्थाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन रूट का निरीक्षण कर सड़क, बिजली, प्रकाश, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पहले से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर बिजली के तार सुरक्षित और व्यवस्थित स्थिति में हों तथा कहीं भी झूलते या अव्यवस्थित तार न रहें। सड़क पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की भी समय रहते मरम्मत कराने को कहा गया।

प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रमुख मार्गों और विसर्जन रूट पर स्ट्रीट लाइटों की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़क की एक लेन में रोशनी रहती है, जबकि दूसरी लेन की लाइटें बंद रहती हैं। ऐसी कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। नगर आयुक्त अजय जैन को नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच कराकर खराब और बंद लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारिक क्षेत्रों में सड़क, नाली, साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था बेहतर रहना जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापारियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को विभागवार चिन्हित कर उनके निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल कागजी स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर समस्या का समाधान दिखाई देना चाहिए।

बैठक में व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था, सड़क एवं नाली, बिजली और स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई समेत विभिन्न स्थानीय समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारिक गतिविधियां शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए बाजारों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन मार्ग पर बिजली के तारों की ऊंचाई और स्थिति की जांच, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक मार्गों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों से भी प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, अपर जिलाधिकारी नगर गजेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, ओएसडी जीडीए संजीव दीक्षित, जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भी बैठक में भाग लिया।