42 परियोजनाओं की समयसीमा बीती, पीडब्ल्यूडी के खाते में सबसे ज्यादा 18 अधूरे काम

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में खुली विभागों की पोल, यूपी सिडको की दो परियोजनाएं भी लंबित
 
दस करोड़ से अधिक की परियोजनाओं में देरी पर सीडीओ सख्त, कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध काम पूरा करने का निर्देश

गोरखपुर। जिले में दस करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के दावों की हकीकत मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में सामने आ गई है। जिले में 42 ऐसी परियोजनाएं चिह्नित की गई हैं, जिनके पूरा होने की निर्धारित समयसीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक अधूरे हैं। सबसे खराब स्थिति लोक निर्माण विभाग की है, जिसके जिम्मे 18 परियोजनाएं समयसीमा बीतने के बाद भी लंबित हैं। वहीं यूपी सिडको की दो परियोजनाएं भी निर्धारित समय में पूरी नहीं हो सकी हैं। करोड़ों रुपये की लागत वाली परियोजनाओं में इतनी बड़ी संख्या में देरी ने विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक की। समीक्षा में परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति, निर्माण की स्थिति और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप काम पूरा होने की स्थिति परखने के दौरान यह तस्वीर सामने आई। आंकड़ों के मुताबिक, कुल 42 परियोजनाओं की पूर्णता तिथि बीत चुकी है। इनमें अकेले लोक निर्माण विभाग की 18 परियोजनाएं शामिल हैं। यानी समयसीमा पार कर चुकी परियोजनाओं में सबसे बड़ा हिस्सा पीडब्ल्यूडी का है।

यूपी सिडको की दो परियोजनाएं भी समयसीमा समाप्त होने के बावजूद अधूरी हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ की दो, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन की तीन, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की तीन, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की एक, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद निर्माण इकाई की एक और उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ की तीन परियोजनाएं लंबित हैं।

इसी तरह गोरखपुर विकास प्राधिकरण की दो, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की दो, नगर निगम गोरखपुर की दो, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की दो तथा सीएंडडीएस की दो परियोजनाओं की समयसीमा भी समाप्त हो चुकी है।

आंकड़ों में सबसे चिंताजनक स्थिति लोक निर्माण विभाग की है। 18 परियोजनाओं का निर्धारित समय में पूरा नहीं होना इस बात का संकेत है कि निर्माण कार्यों की निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन में गंभीर चुनौती बनी हुई है। सवाल यह है कि जब परियोजनाओं के लिए बजट और समयसीमा निर्धारित है तो फिर काम पूरा कराने में इतनी देरी क्यों हो रही है? जिन कार्यों का लाभ जनता को मिलना चाहिए, वे आखिर कब तक अधूरे रहेंगे?

सीडीओ अभिषेक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर केवल कागजी प्रगति दिखाने से काम नहीं चलेगा। परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। जिन कार्यों की समयसीमा समाप्त हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। प्रत्येक लंबित परियोजना की देरी का कारण स्पष्ट किया जाए और उसे पूरा करने के लिए निश्चित समयसीमा के साथ कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि दस करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाएं शासन की प्राथमिकता में शामिल हैं। इन पर बड़ी धनराशि खर्च की जा रही है। ऐसे में कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे हों। अधिकारी केवल कार्यदायी संस्थाओं पर जिम्मेदारी डालकर न बैठें, बल्कि स्वयं भी निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

सीडीओ ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़ों को वास्तविक स्थिति के अनुरूप अपडेट करने का निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर गलत या भ्रामक प्रगति दर्ज नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्य जितना पूरा हुआ है, रिपोर्ट में उतना ही दिखाया जाए। यदि भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति या विभागीय समन्वय की समस्या है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। किसी भी विभाग की उदासीनता के कारण जनता से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबित नहीं रहनी चाहिए।

बैठक में वन विभाग के डीएफओ शुभम सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत, परियोजना निदेशक दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे बड़ा सवाल लोक निर्माण विभाग की 18 लंबित परियोजनाओं को लेकर है। जब जिले में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की समयसीमा बीत चुकी है तो उनकी जवाबदेही किसकी तय होगी? मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आंकड़ों ने विभागीय कार्यप्रणाली की तस्वीर सामने रख दी है। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर हैं कि समीक्षा और निर्देशों के बाद अधूरे निर्माण कार्य कब तक पूरे होते हैं।