गिट्टी डालकर सड़क निर्माण अधूरा छोड़ गया ठेकेदार, ग्रामीणों का आवागमन दुश्वार
हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र के दक्षिणांचल स्थित गुलटही ग्राम पंचायत में पानी की टंकी से प्राथमिक विद्यालय तक विधायक निधि से बनाई जा रही पक्की सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर गिट्टी डालकर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया है।
शुक्रवार को लंबे समय से सड़क निर्माण शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क पर ही सिर पकड़कर बैठकर और हाथ उठाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों से जल्द सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आगामी तहसील दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी के पास से प्राथमिक विद्यालय तक पहले खड़ंजा मार्ग था। इसी मार्ग को विधायक निधि से पक्की सड़क में तब्दील किया जाना है। आरोप है कि ठेकेदार रत्नेश पांडेय और जेई सुबोध तिवारी की देखरेख में सड़क पर गिट्टी बिछाने के बाद लंबे समय से काम बंद पड़ा है। बारिश के बीच गिट्टी बिखरी होने से रास्ते पर चलना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य राधेश्याम यादव के अलावा सचिन, पंकज, नीरज, राम, रामकरन, विनोद सिंह, देवेंद्र सिंह, अवधेश मौर्य, इनर, जगलाल समेत दर्जनभर ग्रामीण शामिल रहे।
इस संबंध में आरएस जेई सुबोध तिवारी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य पूरा नहीं कराने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर काम शुरू नहीं होने पर ठेकेदार का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।