गोरखपुर में बोरे में मिली युवक की लाश, हत्या से सनसनी! आशनाई विवाद में 12 नामजद

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में बोरे में बंद युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदित्य साहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के मामले में 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
 

 

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ इलाके में बोरे में बंद एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जबकि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में भरकर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।

मृतक की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र निवासी आदित्य साहनी के रूप में हुई है। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक आदित्य एक दिन पहले अपने ननिहाल गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

गले पर गहरे निशान, हाथ-पैर बंधे मिले

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे संदिग्ध बोरा पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो अंदर युवक का शव देखकर हर कोई दंग रह गया। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

आशनाई विवाद में हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की आशंका जताई है। इस मामले में परिवार की ओर से 12 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हरपुर बुदहट और गीडा थाना क्षेत्र के बीच शव बरामद हुआ है। जांच में सामने आया है कि हत्या कहीं और की गई और शव को बोरे में भरकर यहां फेंका गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े इस तरह बोरे में शव मिलने की घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।