माय भारत पोर्टल पर अधिकतम पंजीकरण का लक्ष्य, जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

 

गोरखपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत केंद्र गोरखपुर द्वारा माय भारत पोर्टल पर अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला युवा सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला  विकास अधिकारी सतीश कुमार सिंह ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद गोरखपुर में अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराते हुए जिले को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाना रहा। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से युवाओं तक इस अभियान की जानकारी पहुँचाएं और अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें।


जिला युवा कल्याण अधिकारी सीमा पाण्डेय ने बैठक में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 15 से 29 वर्ष तक का प्रत्येक युवा माय भारत पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकता है। इसके माध्यम से युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, स्वयंसेवी अवसरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, कौशल विकास एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े अनेक लाभ प्राप्त होंगे। उन्होंने पोर्टल की विशेषताओं, उद्देश्यों एवं उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए सभी विभागों से अपील की कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए।


बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक युवाओं को जोड़ा जाए। साथ ही सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समन्वित प्रयासों से गोरखपुर को माय भारत पंजीकरण में अग्रणी जिलों में शामिल किया जाएगा।