प्रतिभाओं को मिला सम्मान, मेधावी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना

 

सहजनवां गोरखपुर। पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अकुआपार में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को “माँ कौशिल्या देवी स्मृति प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी शैलेन्द्र गुप्ता द्वारा पंचायत भवन अकुआपार में किया गया।


सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में आर्यन सिंह पुत्र अनिल सिंह एवं प्रतिभा प्रजापति सुपुत्री रामशकल प्रजापति शामिल रहे। समारोह में गांव के गणमान्य नागरिकों एवं सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र गुप्त ने किया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार सिंह (शिक्षक) ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है तथा ऐसे सम्मान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।


समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को भी बधाई दी। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना एवं अन्य छात्रों को भी बेहतर परिणाम के लिए प्रेरित करना रहा।