युवा नेतृत्व दिवस पर आईटीएम गीडा एवं जेसीआई गोरखपुर स्वराज द्वारा स्वराज सृजन कार्यक्रम का आयोजन
गोरखपुर। युवा नेतृत्व दिवस के अवसर पर जेसीआई गोरखपुर स्वराज एवं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में “स्वराज सृजन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, नवाचार, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा केवल देश की जनसंख्या का हिस्सा नहीं, बल्कि देश की दिशा और दशा तय करने वाली शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता और नए विचारों को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। स्वराज सृजन जैसे प्रयास युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे समाजहित में उपयोग करने का अवसर प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि धवल दुबे ने कहा कि आज के दौर में नेतृत्व का अर्थ केवल आगे बढ़ना नहीं, बल्कि दूसरों को साथ लेकर चलना है। युवाओं को समस्या देखने के साथ-साथ उसका समाधान खोजने की सोच विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी से युक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
आईटीएम गीडा के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने कहा कि आईटीएम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कक्षा से बाहर वास्तविक जीवन की चुनौतियों से जोड़ना और उन्हें समाधान आधारित सोच के लिए प्रेरित करना आज की शिक्षा की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। स्वराज सृजन जैसे कार्यक्रम इसी दिशा में प्रभावी पहल हैं।
जेसीआई गोरखपुर स्वराज की अध्यक्ष रिचा जायसवाल ने कहा कि जेसीआई का मूल उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से जोड़ना है। स्वराज सृजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता को एक सकारात्मक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उन्होंने आईटीएम गीडा के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आईटीएम के संयुक्त सचिव श्री अनुज अग्रवाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति के लिए शिक्षित और कुशल युवाओं के साथ-साथ जिम्मेदार एवं संवेदनशील नेतृत्व भी आवश्यक है। युवाओं में निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना और सामाजिक सरोकार विकसित करना समय की मांग है।
पब्लिक स्पीकिंग प्रतियोगिता मे स्नेहा झा, उत्सव श्रीवास्तव एवं प्रेरणा मिश्रा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया और वाद- विवाद प्रतियोगिता मे अभिनव राय, वैष्णवी राय एवं अदिति उपाध्याय ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत मे जेसीआई गोरखपुर स्वराज की संयुक्त सचिव प्रतिमा अग्रवाल ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पिपरौली ब्लॉक प्रमुख दिलीप यादव,आईटीएम फार्मेसी के निदेशक डॉ. पी. डी. पांडा, जेसीआई स्वराज के सदस्य सरिता कारवानी, त्रिशला मंझानी, मंशा गुप्ता, खुशबू कारवानी, नेहा जायसवाल, सुरभि गुप्ता, प्रिया केशरवानी, नीता जायसवाल, खुशी जायसवाल, मधुलिका, शिफा जालान, उर्वी बैरोलिया,डॉ आर एल श्रीवास्तव, डॉ ए आर त्रिपाठी डॉ बीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ मनोज कुमार मिश्रा, शशि प्रकाश राय,डॉ प्रदीप कुमार चौधरी,अजय कुमार गुप्ता सहित संस्थान के शिक्षकगण, जेसीआई के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।