गोरखपुर आरटीओ में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अनधिकृत रूप से काम करता मिला व्यक्ति
गोरखपुर। चरगांवा स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में अनधिकृत व्यक्तियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (नगर) गजेन्द्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटील ने संयुक्त रूप से कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में एक व्यक्ति अनधिकृत रूप से कार्य करता हुआ मिला, जिसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय में केवल अधिकृत अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से ही विभागीय कार्य संपन्न कराए जाएं। किसी भी बाहरी व्यक्ति को अनधिकृत रूप से कार्यालय में काम करने की अनुमति नहीं दी जाए।
प्रशासन के अनुसार, परिसर में कार्य करते मिले व्यक्ति की पहचान विजय कुमार तिवारी के रूप में हुई है। वह बिहार के सिवान जिले के गोरीयाकोठी थाना क्षेत्र के ग्राम चारपुरा का निवासी बताया गया है। उसका वर्तमान पता गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र स्थित गीतावाटिका, जेल रोड का है। उसके अनधिकृत रूप से कार्य करने के मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटील ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय परिसर में दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और आम नागरिकों को विभागीय कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी से बचाने पर जोर दिया।
आरटीओ कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न परिवहन संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यालय परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुए इस औचक निरीक्षण को कार्यालय की व्यवस्था दुरुस्त करने और अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।