सेवा संकल्प अभियान में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, भाषण-रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
सहजनवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज तिलौरा में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, रंगोली और चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घघसरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रंगोली, गायन और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं नंदिता भट्ट, खुशी, अनामिका, पायल और सानिया को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रभाकर दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रसेवा से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को जनसेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाषण, रंगोली और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को सामने लाने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी सहायक होती हैं। विद्यालय स्तर पर इस तरह की गतिविधियों से छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रंगोली और चित्रकला के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए गए। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक सुनील धर दूबे, प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार, अनिल धर दूबे, साकेत, महेंद्र, जया और गुंजन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया।