फार्मासिस्ट दिवस पर विद्यार्थियों ने दवा सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश
खजनी, गोरखपुर। श्रीमती द्रौपदी देवी त्रिपाठी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान फार्मेसी के विद्यार्थियों ने दवा सुरक्षा, रोगी परामर्श, औषधियों के तर्कसंगत उपयोग और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर और लीफलेट के माध्यम से विज्ञान आधारित जानकारी साझा की। उन्होंने फार्मासिस्ट की भूमिका और मरीजों को दवाओं के सही उपयोग के संबंध में जागरूक करने की आवश्यकता पर भी विचार रखे।
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्रबंधक अक्षय प्रसाद राम त्रिपाठी ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एक योग्य फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को दवा की सही खुराक, उपयोग की विधि, संभावित दुष्प्रभाव और आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना भी उसका दायित्व है।
विशिष्ट अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण है। औषधियों के उचित उपयोग, दवा की गुणवत्ता, रोगी सुरक्षा और जनजागरूकता के माध्यम से फार्मासिस्ट स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देते हैं।
फार्मासिस्ट संकाय के प्राचार्य अजय यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का आभार व्यक्त किया और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अजीत सिंह, दुर्गेश यादव, बालमुकुंद, गोपी कृष्ण, सुरेंद्र कुमार द्विवेदी, राकेश सहित बड़ी संख्या में फार्मेसी के विद्यार्थी मौजूद रहे।