एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कस्टम, नारकोटिक्स व अन्य विभागों को सख्त निर्देश

 

गोरखपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और उससे जुड़े अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्टम, नारकोटिक्स विभाग, पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके लिए सभी विभागों को संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए ठोस कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कस्टम व नारकोटिक्स विभाग को निर्देशित किया कि अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय स्तर पर होने वाली तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज किया जाए, ताकि तस्करी के नेटवर्क को जड़ से ध्वस्त किया जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, होटल-लॉज और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस व आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए कि अवैध शराब, गांजा, स्मैक व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व परिवहन के खिलाफ नियमित छापेमारी की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एडीएम सिटी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। नशे के दुष्परिणामों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाए और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों को और सक्रिय बनाते हुए उपचार व काउंसलिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में ऑनलाइन माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए हो रही अवैध गतिविधियों पर भी नजर रखने की बात कही गई। संबंधित विभागों को साइबर निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध लेन-देन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम सिटी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने समन्वय के साथ काम करते हुए नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का भरोसा दिलाया और जनपद को नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।