गोरखपुर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता: बालकों ने दिखाया दम
सहजनवां (गोरखपुर)। मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सोमवार को बालक वर्ग के मुकाबलों का रोमांच देखने को मिला।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन के तीसरे दिन विभिन्न आयु और भार वर्गों में 135 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में करीब 300 खिलाड़ी शामिल हैं, जो अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले कर रहे हैं। तीसरे दिन सुबह से ही खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने तकनीक और आक्रामक खेल के साथ अनुशासन तथा खेल भावना का भी परिचय दिया।
लखनऊ के देव ने जीता स्वर्ण
अंडर-14 आयु वर्ग के 23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल के देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बरेली मंडल के हिमांशु को रजत पदक मिला। वहीं गोरखपुर मंडल के यश और आगरा मंडल के श्रेयस ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसी आयु वर्ग के 25 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली मंडल के इंद्रजीत ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मुरादाबाद मंडल के वंश ने रजत पदक हासिल किया, जबकि लखनऊ के गुरुमीत और कानपुर के आयुष को कांस्य पदक मिला।
17 रेफरी करा रहे मुकाबले
प्रतियोगिता के मुकाबलों को नियमों के अनुरूप और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए 17 रेफरी की टीम तैनात है। इनमें 14 पुरुष और तीन महिला रेफरी शामिल हैं। रेफरी खिलाड़ियों की तकनीक, प्रदर्शन और खेल के नियमों के आधार पर मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता स्थल पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह और विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत सहित आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह बना हुआ है।
आयोजन के आगामी दिनों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले जारी रहेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग मंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजर बनी हुई है।