आईजीएल गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर का आयोजन, कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईजीएल (IGL) गोरखपुर में साप्ताहिक योग शिविर के अंतर्गत एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईजीएल के बिजनेस हेड एस. के. शुक्ल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्लांट हेड शैलेन्द्र पांडेय, एचआर एवं एडमिन हेड दशरथ मिश्रा, योग प्रशिक्षकों तथा अन्य अधिकारियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक प्रार्थना के साथ योग शिविर की शुरुआत की।
आयुष विभाग से आए प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक मिथिलेश कुमार एवं सुधाकर ने कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही उन्होंने नियमित योगाभ्यास के लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर यूटिलिटी हेड ए. के. सिंह, इंजीनियरिंग हेड शैलेश चंद, अकाउंट्स हेड सुनील कुमार, आईटी हेड जे. के. राय सहित जगदीश चंद धाकड़, अमित कश्यप, अखिलेश कुमार शुक्ला, शिवानी शर्मा, आस्था तिवारी, सुमन एवं अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आईजीएल गोरखपुर द्वारा आयोजित यह विशेष योग शिविर कर्मचारियों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।