शुभम मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पट्टीदार गिरफ्तार

 

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में बीएससी छात्र कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम (20) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने किसी महिला से कथित अवैध संबंध होने के शक में की थी। आरोपी ने सोते समय शुभम के सिर पर धारदार हथियार से चार वार किए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद करने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक, जयंतीपुर गांव निवासी शुभम बुधवार रात घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष मिश्रा वहां पहुंचा और सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट के निशान सामने आए। मामले में शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

17 संदिग्धों से पूछताछ के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने घटना की जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ शुभम के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली। इस दौरान गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संतोष मिश्रा की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसे शुभम के किसी महिला से कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह शुभम से नाराज था। पुलिस का कहना है कि इसी शक के चलते आरोपी ने हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर शुभम के सोने के स्थान पर पहुंच गया। वहां उसने धारदार हथियार से उसके सिर पर चार वार किए और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।

पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। प्रेस वार्ता में सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ क्राइम अरुण कुमार तथा सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।