राजकीय सम्मान के साथ दी गई रेलवे कांस्टेबल रवि यादव को अंतिम विदाई
गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र के सहिजना निवासी रवि यादव (27 वर्ष), पुत्र सुरेश यादव, जो रेलवे में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे, का सोमवार 27 जुलाई को लखनऊ स्थित मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रवि यादव 22 जुलाई को अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल लखनऊ के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके पैतृक आवास सहिजना लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, शुभचिंतक एवं रिश्तेदार उनके आवास पर पहुंचे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार हेतु कालेसर स्थित मोक्ष धाम ले जाया गया। यहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), गोरखपुर की टीम ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें राजकीय सम्मान प्रदान करते हुए अंतिम सलामी दी। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जवान को अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर, गोरखपुर के प्रिंसिपल नरेंद्र मोहन वशिष्ठ, प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाध्यापक मितेश कुमार सिंह, मुख्य व्यायाम प्रशिक्षक नवीन कुमार उपाध्याय सहित आरपीएफ के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।