प्रयागराज में गंगा में नहाने गए दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत, कोचिंग से छुट्टी के बाद पहुंचे थे नदी किनारे
प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र में रविवार दोपहर गंगा नदी में नहाने पहुंचे तीन नाबालिग छात्रों में से दो गहरे पानी में चले गए और डूब गए। दोनों छात्र कक्षा 10वीं के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही झूंसी पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, तीनों छात्र एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे। रविवार को कोचिंग की कक्षा निर्धारित समय से करीब 20 मिनट पहले समाप्त हो गई। इसके बाद तीनों छात्र सोहम आश्रम के पास गंगा किनारे पहुंच गए।
बताया गया कि दो छात्र गंगा में नहाने के लिए पानी में उतर गए, जबकि उनका तीसरा दोस्त किनारे पर ही खड़ा रहा। इसी दौरान दोनों छात्र गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे।
दोनों साथियों को डूबता देखकर तीसरे छात्र ने शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पीआरवी, झूंसी पुलिस और जल पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
जल पुलिस के गोताखोरों ने नदी में उतरकर दोनों छात्रों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों छात्रों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों की मौत की खबर से उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
झूंसी थाना प्रभारी महेश मिश्रा के मुताबिक, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। तीसरे छात्र ने पुलिस को बताया कि पहले एक दोस्त अचानक पानी में डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा दोस्त भी गहराई में चला गया। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए।
पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।