ऑनलाइन ठगी की रकम पुलिस ने कराई होल्ड, पीड़ित को मिले 73,501 रुपये
गोरखपुर। साइबर फ्रॉड के मामले में गुलरिहा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई 73,501.10 रुपये की रकम वापस करा दी। पीड़ित के खाते से ऑनलाइन माध्यम से कुल 80 हजार रुपये की धनराशि धोखाधड़ी कर निकाली गई थी। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया। पुलिस की कार्रवाई के चलते 73,501.10 रुपये की धनराशि होल्ड कराने में सफलता मिली।
इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर होल्ड कराई गई रकम को नियमानुसार पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत करें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सके।