मांगों के समर्थन में एकजुट हुए पंचायत सहायक, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गोरखपुर (सहजनवा)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। इस दौरान पंचायत सहायकों ने तहसीलदार राकेश कन्नौजिया को 11 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
पंचायत सहायकों ने कहा कि वर्तमान में उन्हें मात्र छह हजार रुपये मासिक मानदेय प्राप्त हो रहा है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मानदेय में वृद्धि किए जाने की मांग करते हुए कहा कि उनके कार्य और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुविधाएं और पारिश्रमिक उसी अनुपात में नहीं बढ़ाए गए हैं।
ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों ने मांग की कि अन्य विभागों के कर्मचारियों की भांति अतिरिक्त कार्यों के लिए उन्हें भी अलग से भत्ता प्रदान किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने ग्राम पंचायत के कार्यों के अतिरिक्त अन्य ग्राम पंचायतों का कार्यभार भी उन पर डाला जाता है, जिससे कार्य का दबाव बढ़ रहा है। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्ति दिलाने की भी मांग की गई।
इसके अलावा पंचायत सहायकों ने समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने, स्मार्ट मोबाइल फोन, रिचार्ज सुविधा, स्टेशनरी सामग्री तथा यात्रा भत्ता उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने अनावश्यक अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखने, ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा स्थायी रोजगार की गारंटी देने की भी मांग की।
ज्ञापन में पंचायत सहायकों के कार्यक्षेत्र एवं अधिकारों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने, वेतन भुगतान की नियमित एवं समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों द्वारा सेवा से हटाने की कथित धमकियों पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इस दौरान संगम, सुंदरी, पालिंदर, लक्ष्मी, ममता, नीलम, संध्या, नेहा, शोभा यादव समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे। पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।