विश्व पर्यावरण दिवस पर एनडीआरएफ का वृहद वृक्षारोपण अभियान, 300 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गोरखपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की रीजनल रिस्पांस सेंटर (आरआरसी) गोरखपुर इकाई द्वारा चिलुआताल क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान लगभग 50 बचावकर्मियों ने उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेते हुए 300 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा हरित वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
रीजनल रिस्पांस सेंटर (आरआरसी) गोरखपुर के उपकमांडेंट अनिल कुमार पाल ने बताया कि वर्तमान समय में जंगलों की लगातार हो रही कटाई के कारण ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा सुरक्षा उपायों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। एनडीआरएफ के निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह, निरीक्षक दीपक मंडल एवं अन्य रेस्क्यू कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
एनडीआरएफ अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने का संकल्प है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे हरित अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृहद वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिसने लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया।