गोवर्धन पर्व पर गौ माता की पूजा कर की सुख-समृद्धि की कामना
गोरखपुर(सहजनवा )। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर नगर पंचायत घघसरा स्थित गौशाला में विधि-विधान के साथ गौ पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर को फूलों और आकर्षक रंगोली से सजाया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे और अधिशासी अधिकारी अमित नायक ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन के दौरान अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने गौ माता को तिलक लगाया, फूलों की माला पहनाई तथा गुड़ और चारा खिलाकर विधिवत पूजा की। इसके बाद आरती कर गौवंश के संरक्षण एवं सेवा का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गौ माता की सेवा और संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। नगर पंचायत की ओर से गौशाला के विकास के साथ ही गौवंश के लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, अधिशासी अधिकारी अमित नायक ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौधन और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर गौवंश और ब्रजवासियों की रक्षा की थी। यह पर्व हमें गौ सेवा, संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी, सभासद और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गौ पूजन में सहभागिता कर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया।