NCC कैडेट्स को मिला बड़ा सुरक्षा मंत्र! ट्रैफिक नियमों से लेकर साइबर फ्रॉड तक, विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारी

 गोरखपुर के सहजनवा में आयोजित CATC-157 एनसीसी शिविर में कैडेट्स को यातायात सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया।
 

सहजनवा (गोरखपुर)। 44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में भोलाराम इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-157) के चौथे दिन कैडेट्स को यातायात सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में किया जा रहा है।

प्रशिक्षण सत्र में यातायात विभाग के अनुभवी अधिकारी टीएसआई राम वृक्ष यादव ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स से स्वयं नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

इसके बाद एनआईआईटी फाउंडेशन की टीम से आए साइबर विशेषज्ञ अवनीश श्रीवास्तव, नीरज सिंह और पंकज पाठक ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला।

विशेषज्ञों ने कहा कि तेजी से बढ़ते डिजिटल उपयोग के दौर में साइबर सुरक्षा की जानकारी हर नागरिक के लिए आवश्यक हो गई है। थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है।

कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कैडेट्स से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया।