सरयू नदी में पलटी मोटर बोट, लाइफ जैकेट ने बचाई पांच लोगों की जान! सभी सुरक्षित निकाले गए

गोरखपुर के बड़हलगंज मुक्तिपथ घाट पर सरयू (घाघरा) नदी में प्राइवेट मोटर बोट पलटने से अफरा-तफरी मच गई। लाइफ जैकेट पहने होने के कारण सभी पांच सवार सुरक्षित बच गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
 
लाइफ जैकेट के चलते टला बड़ा हादसा, घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोरखपुर। बड़हलगंज के मुक्तिपथ घाट पर गुरुवार सुबह सरयू (घाघरा) नदी में एक प्राइवेट मोटर बोट अचानक पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बोट पर पांच लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:45 बजे की है। मोटर बोट के पलटते ही घाट पर मौजूद नाविकों और आपदा मित्रों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में सभी पांचों लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।

हादसे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।

प्रशासन ने बताया कि जनपद में डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। अपर जिला अधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी (आपदा) के निर्देशन में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

मुक्तिपथ घाट पर तैनात आपदा मित्र घनश्याम मौर्य और सुरीना ने बताया कि नाव और मोटर बोट से यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने के लिए लगातार प्रेरित किया जाता है। साथ ही सभी मोटर बोट संचालकों को भी हर यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और पहनाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि मोटर बोट चालकों को निशुल्क लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सुरक्षा मानकों का पालन करने से बड़ी जनहानि टाली जा सकती है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी में यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जनहानि न हो।