मिशन खिलखिलाहट की सफलता! सीडीओ के प्रयासों से अति कुपोषण से बाहर आई अन्वी

 

गोरखपुर। जनपद में कुपोषण उन्मूलन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित 'संभव अभियान 6.0' के तहत एक प्रेरणादायक सफलता सामने आई है। मिशन खिलखिलाहट के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) द्वारा गोद ली गई अति कुपोषित बच्ची अन्वी अब लगातार विभागीय निगरानी और पोषण सहायता के चलते अति कुपोषित श्रेणी से बाहर आ गई है।

इस उपलब्धि के बाद सीडीओ ने अन्वी के घर पहुंचकर उसका हालचाल जाना और परिवार को संतुलित आहार, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान बच्ची को पोषण सामग्री, नवीन अनुपूरक पोषाहार और 'पोषण पोटली' भी प्रदान की गई।

सीडीओ ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से मुक्त रखने के लिए परिवार की जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित भोजन सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा ने बताया कि संभव अभियान 6.0 और मिशन खिलखिलाहट के माध्यम से कुपोषित बच्चों की पहचान, नियमित निगरानी और उपचार पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इन प्रयासों से जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।

गृह भ्रमण के दौरान मुख्य सेविका तनुराधा सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सुनीता त्रिपाठी, सहायिका सुधा तथा क्षेत्र के कई परिवारजन भी मौजूद रहे। सभी ने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।