घघसरा में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा स्वच्छता और सादगी का संदेश, चेयरमैन ने किया श्रमदान
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत घघसरा कार्यालय में गुरुवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे और अधिशासी अधिकारी अमित नायक ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन और कर्तव्यनिष्ठा से देशवासियों को प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम में सभासद ध्रुव चंद्र गौड़, राजेश तिवारी, चंद्रमौली त्रिपाठी और राजन मिश्र ने भी अपने विचार रखे। संचालन जनार्दन प्रसाद ने किया। इस दौरान संतोष पाण्डेय, शिवानन्द छोटू, सुंदरम त्रिपाठी, विजय सिंह, सुरेंद्र बर्मा, विनोद कुमार, भोरई बाबा, दिलीप सैनी, अभिमन्यु और बलराम पाण्डेय सहित नगर पंचायत के सभासद एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने स्वच्छता अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ठर्रापार पहुंचकर स्वयं झाड़ू लगाई और स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।