महापौर की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नगर निगम के पार्षदों के साथ नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त अविनाश सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अभियान की कार्ययोजना, प्रस्तावित कार्यक्रमों और उनके प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने अधिकारियों और पार्षदों को अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘जनभागीदारी से जनकल्याण, जनकल्याण से जनविश्वास’ की भावना के साथ अभियान को नगर निगम के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के साथ-साथ विभिन्न नागरिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने और अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त अजय जैन ने अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सभी जोनल एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और सहायक नगर आयुक्त अविनाश सिंह को अभियान की गतिविधियों का क्षेत्रवार पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत स्वच्छता, जनजागरूकता और नागरिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों और पार्षदों ने अभियान को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।