अवैध संबंध के शक में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, चचेरे भाई समेत चार हिरासत में

 

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान विजय पाल (28) निवासी बनगावां, थाना गीडा के रूप में हुई है। विजय के पिता कृष्ण कुमार पूर्व ग्राम प्रधान रह चुके हैं। बताया गया कि विजय बेंगलुरु में पेंट-पॉलिश का कार्य करता था और करीब छह दिन पहले ही गांव आया था।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात उसका चचेरा भाई विनय उसे घर से कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले गया। वहां पहले से कुछ अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि विनय ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सीने और पेट पर कई वार किए और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

घायल विजय किसी तरह गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान भोर में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले के मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है तथा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।