रॉन्ग साइड से आए लोडर ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, गंभीर
गोरखपुर। सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे 27 वर्षीय युवक को रविवार को पाली नहर के पास कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे लोडर मैजिक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। दुर्घटना के बाद लोडर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत घघसरा के वार्ड नंबर-15 हनुमंत नगर निवासी राहुल गुप्ता (27) पुत्र हरिराम गुप्ता घघसरा बाजार में पान की दुकान चलाते हैं। रविवार को वह दुकान का सामान लेने सहजनवां गए थे। सामान लेकर बाइक से वापस लौटते समय पाली नहर के पास सामने से आ रहे लोडर वाहन संख्या UP 58 AT 9028 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद राहुल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। वह काफी देर तक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। राहगीरों ने उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस को भी जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस की मदद से राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार, पाली पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, हादसे के बाद चालक लोडर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।