आईटीएम के छात्र ने कर दिया कमाल,बढ़ती गर्मी को देखते हुए बना दिया गजब का कुलर

 
 सहजनवा गोरखपुर। आईटीएम गीडा के तृतीय वर्ष के छात्र मुहम्मद फैसल ने बढ़ती गर्मी और बिजली की अधिक खपत को ध्यान में रखते हुए बिजली की बचत करने वाला सोलर कूलर तैयार किया है। छात्र ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनता से बिजली की बचत करने की अपील की थी, जिसमें बिना आवश्यकता पंखा और लाइट न चलाने की बात कही गई थी। यह वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर देखा था, जिसके बाद उन्हें इस प्रोजेक्ट को बनाने की प्रेरणा मिली।


आज के समय में अधिकतर घरों में एसी और कूलर का उपयोग तेज गर्मी से बचाव के लिए लगातार किया जाता है, जिससे बिजली की खपत बढ़ने के साथ पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अधिक लोड की वजह से कई स्थानों पर शॉर्ट सर्किट की घटनाएं होती हैं और ट्रांसफार्मर भी जल जाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए छात्र मुहम्मद फैसल ने 12 वोल्ट और 10 लीटर क्षमता वाला टू-इन-वन कूलिंग चार्जेबल वाटर सोलर कूलर तैयार किया है, जो सामान्य कूलर की तुलना में अधिक ठंडी हवा देने में सक्षम है।


छात्र ने बताया कि यह कूलर सोलर ऊर्जा से चार्ज होने के साथ-साथ बिना बिजली के भी 4 से 5 घंटे तक लगातार चल सकता है। फिलहाल इस कूलर को 2 फीट आकार और प्लास्टिक बॉडी में तैयार किया गया है। इसकी वाटर कैपेसिटी 10 लीटर है तथा इसमें मिस्ट वॉटर फॉग प्लेट लगाई गई है, जो पानी को फॉग के रूप में हवा में बदल देती है। इस तकनीक की वजह से कूलर अधिक ठंडी हवा प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि इस तकनीक से लगभग 10 गुना तक बिजली की बचत की जा सकती है और ट्रांसफार्मर पर पड़ने वाला लोड भी कम होगा। इस कूलर को तैयार करने में 12 वोल्ट डीसी मोटर, 6 इंच फैन ब्लेड तथा 12 वोल्ट की दो बैटरियों का उपयोग किया गया है। इसके अलावा इसमें लगाए गए सभी पार्ट्स जैसे मोटर, बैटरी, सोलर प्लेट, वॉटर पंप और मिस्ट सेंसर पूरी तरह डीसी तकनीक पर आधारित हैं।

संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने बताया कि कॉलेज के इनोवेशन सेल में छात्र लगातार ऐसे इनोवेटिव प्रोडक्ट तैयार कर रहे हैं, जिनसे लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ नए रोजगार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं। छात्र मुहम्मद फैसल  ने बताया कि इस कूलर को बनाने में लगभग एक महीने का समय लगा और इसकी कुल लागत करीब 4500 रुपये आई है।