गोरखपुर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में ITM गीडा की शानदार सफलता
गोरखपुर (सहजनवा)। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ITM), गीडा, गोरखपुर के विद्यार्थियों ने विजिलेंस अवेयरनेस वीक (सतर्कता जागरूकता सप्ताह) 2026 के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के ऑफिसर्स क्लब में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, तार्किक क्षमता और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम में बीटेक द्वितीय वर्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र सूर्यांश धर दुबे, बीटेक चतुर्थ वर्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छात्र सिद्धांत सिंह कौशिक तथा बीटेक तृतीय वर्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र अमन पांडेय शामिल रहे। तीनों विद्यार्थियों ने बेहतर तालमेल और विषयगत समझ का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इस सफलता पर संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, ज्ञान, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और समाज का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
विजिलेंस अवेयरनेस वीक का उद्देश्य समाज और कार्यस्थलों पर सतर्कता, पारदर्शिता, ईमानदारी तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस प्रतियोगिता में ITM गीडा के विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनकी बौद्धिक क्षमता को दर्शाती है, बल्कि इन महत्वपूर्ण मूल्यों के प्रति उनकी समझ और जागरूकता को भी उजागर करती है।
संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया और संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित सभी शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में समस्या-समाधान की क्षमता, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक ज्ञान को भी मजबूत बनाती हैं।