सहजनवां तहसील क्षेत्र में खनन माफियाओं का बढ़ता आतंक, प्रशासन अंकुश लगाने में नाकाम

 

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बड़गहन, बरवार, बरहुआ और सदर तहसील के जमुआड समेत कई ग्रामीण और बाढ़ प्रभावित इलाकों में खनन माफियाओं का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। बिना नंबर प्लेट वाले डंपर और ईंट भट्टों पर मिट्टी की सप्लाई खुलेआम हो रही है। ईंट व्यवसायी खनन माफियाओं से मिट्टी खरीदकर सरकार की रॉयल्टी बचा रहे हैं, जिससे यह अवैध काम और बढ़ गया है।ग्रामीणों का कहना है कि इन डंपरों की वजह से स्थानीय सड़कों की हालत बदतर हो गई है और हादसे का खतरा बढ़ गया है।


प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


विकास और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी के बावजूद प्रशासन की उदासीनता ने खनन माफियाओं को खुली छूट दे रखी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़ी अनहोनी से पहले इस समस्या का समाधान किया जाए।