गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार देगी हरसंभव मदद: मुख्यमंत्री योगी

 

 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा।

गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उसकी समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर विधिक कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार का पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए, जिससे किसी भी गरीब को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

गोशाला में की गोसेवा, गोवंश को खिलाया गुड़

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया तथा अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की और गायों व अन्य गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कर्मचारियों से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।