गोरखपुर जोन पुलिस फुटबॉल टीम बनी अंतरजोनल चैंपियन, गोल्ड मेडल पर किया कब्जा

अंतरजोनल फुटबॉल प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन का जलवा, मेरठ को हराकर जीता खिताब

 
 गोरखपुर जोन का शानदार प्रदर्शन, अंतरजोनल फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब किया अपने नाम

 

गोरखपुर। बरेली में आयोजित 74वीं वार्षिक अंतरजोनल पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 में गोरखपुर जोन पुलिस फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि पर डीजी जोन/एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शुक्रवार को जोन कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। यह जीत गोरखपुर जोन के लिए गर्व का विषय है और अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन की टीम ने लीग मुकाबले में बरेली जोन को 2-0 से हराकर अभियान की शानदार शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में लखनऊ जोन को 3-0 से, सेमीफाइनल में प्रयागराज जोन को 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में मेरठ जोन को 3-0 से शिकस्त देकर गोरखपुर जोन ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी गोरखपुर जोन के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम के मुख्य आरक्षी मिथिलेश यादव को प्रतियोगिता का 'बेस्ट गोलकीपर' चुना गया, जबकि आरक्षी कामरान को 'बेस्ट स्कोरर' का पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता पुलिस बल में खेल संस्कृति को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।