स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोरखपुर का दम, 2 गोल्ड और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

 

गोरखपुर। लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 31 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक आयोजित 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं सीनियर क्योरुगी एवं 10वीं पूमसे स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोरखपुर के उद्या ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में टीम के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उद्या ताइक्वांडो के कुल 9 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें वेदांत पाठक (सब जूनियर अंडर-18 किग्रा) और शुचिता (सब जूनियर गर्ल्स) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जिससे गोरखपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है।

वहीं आयुष कुमार (कैडेट बॉय अंडर-41 किग्रा), अनन्या मौर्य (कैडेट गर्ल अंडर-41 किग्रा), युवराज यादव (सब जूनियर बॉय अंडर-25 किग्रा) और अंशिका शुक्ला (जूनियर गर्ल अंडर-52 किग्रा) ने कांस्य पदक जीतकर टीम को गौरवान्वित किया। इसके अलावा अग्रिमा सिंह, अमृषा सिंह, होरल पाठक और हिमांशु कन्नौजिया ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टीम की मजबूती साबित की।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखेगा गोरखपुर का दम

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला ताइक्वांडो सचिव लालदेव यादव ने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे वर्ष कठिन अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम आज पदकों के रूप में सामने आया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गोरखपुर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

उद्या स्कूल के प्राचार्य कुनाल चतुर्वेदी और हेड कोच दुर्गेश कुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कोच दुर्गेश कुमार ने कहा कि निरंतर प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन के कारण खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

7 वर्षीय वेदांत का सपना- वर्ल्ड चैंपियन बनना

महज 7 वर्षीय स्वर्ण पदक विजेता वेदांत पाठक ने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियन बनना है।

उन्होंने बताया कि वह लगातार मेहनत कर रहे हैं और एक दिन भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर गोरखपुर का नाम रोशन करना चाहते हैं।

खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों, जिला ताइक्वांडो सचिव लालदेव यादव तथा कोच दुर्गेश कुमार को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की है।