शिवकुमार हत्याकांड में गोरखपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, आठ आरोपी गिरफ्तार, अब एनएसए की तैयारी
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 8 अगस्त को हुई इस हत्या के मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या के पीछे वर्ष 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है। जांच में पुलिस को पता चला कि आदेश चौधरी हत्याकांड में शिवकुमार त्रिपाठी के परिचितों की भूमिका बताई गई थी।
इसी पुरानी रंजिश को लेकर शिवकुमार को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
हत्याकांड के बाद सिकरीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 217/2026 दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। लगातार दबिश के बाद सात नामजद आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना के दौरान सामने आए दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि हत्या और हिंसा जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हत्याकांड के बाद थाना स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हत्याकांड में शामिल किसी भी व्यक्ति को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
गोरखपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।