गोरखपुर पुलिस ने बहादुर श्वान ‘उत्लम’ को दी अंतिम विदाई, SSP डॉ. कोस्तुभ ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस के डॉग स्क्वाड के बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ सदस्य ‘उत्लम’ के निधन पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने पुष्प अर्पित कर ‘उत्लम’ को श्रद्धांजलि दी और उसके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद किया। इस दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने समर्पित साथी को अंतिम विदाई दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन अरुण कुमार एस, प्रतिसार निरीक्षक, डॉग स्क्वाड टीम तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने ‘उत्लम’ की कर्तव्यनिष्ठा और साहस को याद करते हुए उसे पुलिस परिवार का अभिन्न सदस्य बताया।
2012 से निभाई थी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नर श्वान ‘उत्लम’ वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर गोरखपुर पुलिस के डॉग स्क्वाड में शामिल हुआ था। अपने लंबे सेवाकाल में उसने वीआईपी एवं वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कई अपराधों के खुलासे में निभाई अहम भूमिका
‘उत्लम’ ने कई आपराधिक मामलों के अनावरण में भी पुलिस की मदद की। घटनास्थलों की जांच, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और खोजी अभियानों में उसकी सूझबूझ से पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिससे अपराधियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस परिवार के लिए प्रेरणा बना ‘उत्लम’
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने कहा कि ‘उत्लम’ केवल एक प्रशिक्षित श्वान नहीं, बल्कि पुलिस परिवार का समर्पित सदस्य था। उसकी निष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव आने वाले समय में भी डॉग स्क्वाड के अन्य सदस्यों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान डॉग स्क्वाड के सदस्यों ने ‘उत्लम’ के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि उसने हर चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निभाया। गोरखपुर पुलिस ने पूरे सम्मान और गरिमा के साथ अपने इस बहादुर साथी को अंतिम विदाई दी।