हत्या के प्रयास में महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पिपराइच पुलिस की कार्रवाई

 धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप में तीनों पर दर्ज है मुकदमा
 

गोरखपुर। पिपराइच थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुरुष आरोपियों के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एकराय होकर वादिनी पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया था। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पिपराइच में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर गंगासागर पुत्र स्वर्गीय शंकर, मानसिंह पुत्र गंगासागर तथा ललिता पुत्री गंगासागर निवासी मौलाखोर, थाना पिपराइच को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उन्हें न्यायालय में पेश करने के साथ ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।