Gorakhpur News: शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की स्कॉर्पियो समेत तीन आरोपी गिरफ्तार 

 अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
 
तकनीकी साक्ष्यों से खुला वाहन चोरी का राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। शाहपुर थाना पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त एक मारुति स्विफ्ट कार तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं।

इस संबंध में पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिहार के सिवान जनपद निवासी दिलीप कुमार चौहान, मुन्ना हासनी और दीपक यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों संगठित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को थाना शाहपुर क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो वाहन चोरी होने की घटना दर्ज की गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल बिहार में प्रतिबंधित शराब की तस्करी के लिए किया जाता था। पुलिस का मानना है कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार तक फैला हुआ है तथा इसके अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी संबंध होने की आशंका है।

एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी दिलीप कुमार चौहान के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध भी संबंधित प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बरामद वाहनों एवं उपकरणों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ अंतरराज्यीय अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में भी मदद मिलेगी।