Gorakhpur News: होम डिलीवरी में लापरवाही पर गंगा गैस एजेंसी पर 33 लाख का जुर्माना, BPCL की बड़ी कार्रवाई

 गोरखपुर की गंगा गैस एजेंसी पर होम डिलीवरी में लापरवाही और उपभोक्ताओं को परेशान करने के आरोप में BPCL ने 33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
 
 

गोरखपुर। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद भारत पेट्रोलियम ने गोरखपुर की गंगा गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एजेंसी पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में लापरवाही, वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था और उपभोक्ताओं को परेशान करने के गंभीर आरोप लगे थे।

जानकारी के मुताबिक लंबे समय से उपभोक्ता एजेंसी की कार्यप्रणाली से परेशान थे। आरोप था कि एजेंसी जानबूझकर समय पर होम डिलीवरी नहीं कर रही थी और लोगों को गैस गोदाम के बाहर घंटों लाइन में खड़ा रहने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

रातभर लाइन में लगने को मजबूर हुए उपभोक्ता

स्थानीय लोगों के अनुसार कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पाने के लिए रात में ही गोदाम के बाहर पहुंचकर इंतजार करना पड़ता था। लोग पूरी रात खुले आसमान के नीचे लाइन में खड़े रहते थे, लेकिन सुबह वितरण शुरू होने पर कई लोगों को यह कहकर वापस भेज दिया जाता था कि स्टॉक खत्म हो गया है।

महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने इस व्यवस्था को अमानवीय बताते हुए कई बार शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच में सही मिली शिकायतें

बीपीसीएल की जांच में उपभोक्ताओं की शिकायतें सही पाई गईं। जांच में सामने आया कि एजेंसी ने कंपनी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया और उपभोक्ता सेवाओं में गंभीर लापरवाही बरती। विशेष रूप से होम डिलीवरी जैसी बुनियादी सुविधा में कोताही को कंपनी ने गंभीर मिसकंडक्ट माना।

सूत्रों के अनुसार एजेंसी कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और वितरण में पारदर्शिता न रखने के आरोप भी लगे हैं।

भविष्य में लाइसेंस रद्द होने की चेतावनी

बीपीसीएल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों को समयबद्ध और सुविधाजनक होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने पर यह सख्त कार्रवाई की गई है।

कंपनी ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो एजेंसी का लाइसेंस तक निरस्त किया जा सकता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद उन्हें उम्मीद है कि गैस वितरण व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।